• Breaking News

    Friday, 7 April 2017

    IPL10:कोलकाता नाइट राइडर्स ने गुजरात लायंस को धो डाला, मैच के दौरान बने कई रिकॉर्ड..

    आईपीएल-10 के तीसरे मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स ने गुजरात के लायंस को ऐसी हार दी जिसे वह लंबे अरसे तक नहीं भूलेंगे. कोलकाता की टीम ने यह मैच 10 विकेट से जीता.  मुकाबले में कोलकाता लायंस के ओपनर गौतम गंभीर और क्रिस लिन ने टीम को धुआंधार शुरुआत दी. इन दोनों ने विपक्षी गेंदबाजों की जमकर खबर ली. प्रवीण कुमार और चाइनामैन शिविल कौशिक सहित गुजरात लायंस का कोई भी गेंदबाज इन दोनों पर असर नहीं डाल पाया. यही कारण था कि स्‍कोर बोर्ड टैक्‍सी के मीटर की तरह 'कूदता' रहा.

    बल्‍लेबाजी का यह आलम रहा कि टीम ने पावरप्‍ले में आईपीएल का सर्वाधिक स्‍कोर (73 रन )बनाया. टीम ने पुणे वारियर्स के 2012 के 68 रन के स्‍कोर को पीछे छोड़ा. इस दौरान लिन-गंभीर की जोड़ी ने आईपीएल-10 की पहली शतकीय साझेदारी की. इन दोनों ने पहले विकेट के लिए 184 रन की साझेदारी की. कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से यह किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी रही. यही नहीं, यह किसी भी स्‍तर के टी-20 क्रिकेट में बिना विकेट खोए चेज किया गया सर्वाधिक स्‍कोर है. इस दौरान गंभीर से ज्‍यादा खतरनाक लिन दिखे जिन्‍होंने अपनी नाबाद 93 रन की पारी में चौकों से ज्‍यादा छक्‍के लगाए. उनकी 41 गेंदों पर खेली गई इस पारी में छह चौके और आठ छक्‍के शामिल थे. दूसरी ओर गंभीर ने अपनी 76 रन की पारी के दौरान 48 गेंदों का सामना करते हुए 12 चौके जमाए.

    ऑस्‍ट्रेलिया के क्रिस लिन ने महज 19 गेंदों पर अर्धशतक पूरा कर डाला. उन्‍होंने इस दौरान चार चौके और पांच छक्‍के जमाए. गुजरात लायंस के ड्वेन स्मिथ के खिलाफ तो लिन तूफानी मूड में दिखे. पारी के इस छठे ओवर में उन्‍होंने तीन छक्‍के और एक चौका लगाया. इस ओवर में कुल 23 रन बने. इससे पहले गुरुवार को मुंबई इंडियंस के हार्दिक पांड्या ने अशोक डिंडा के ओवर में चार छक्‍के और एक चौका लगाया था. डिंडा के इस ओवर में 30 रन बने थे. दूसरी ओर गौतम गंभीर ने अपना अर्धशतक 33 गेंदों पर आठ चौके लगाकर पूरा किया. पांच ओवर के बाद कोलकाता का स्‍कोर बिना विकेट खोए 53 रन था जो कि 10 ओवर के बाद छलांग लगाते हुए बिना विकेट खोए 116 रन तक पहुंच गया था

    No comments:

    Post a Comment

    Fashion

    Beauty

    Travel