• Breaking News

    Wednesday, 12 April 2017

    आईपीएल सीज़न 10 के 11वें मैच में कोलकाता के सामने पंजाब की चुनौती

    आईपीएल सीज़न 10 के 11वें मैच में कोलकाता के सामने पंजाब की चुनौतीकिंग्स XI पंजाब ने आईपीएल 10 के नए सीज़न में अच्छी शुरुआत की. अपने पहले मैच में टीम ने पुणे को 6 विकेट से हराया फिर बैंगलोर पर 8 विकेट से धमाकेदार जीत दर्ज़ की. अब टीम का सामना T20 लीग के 11वें मैच में 2 बार की चैंपियन कोलकाता नाइटराइडर्स से होगा. नए कप्तान ग्लेन मैक्सवेल की अगुवाई में टीम ने नए सीज़न के शुरुआत से ही सकारात्मक सोच के साथ मैदान में उतरी है. टीम की काया पलट में मेंटॉर और कोच वीरेंद्र सहवाग का ख़ास रोल माना जा रहा है. पुणे के ख़िलाफ़ 164 रन का लक्ष्य मिलने के बाद टॉप के 4 बल्लेबाज़ 85 रन पर पवैलियन लौटे... लेकिन मैक्सवेल और डेविड मिलर की जोड़ी ने मोर्चा संभाला और टीम को 6 विकेट से जीत दिलाई.

    वहीं बैंगलोर के ख़िलाफ़ एबी डिविलियर्स की धमाकेदार पारी भी पंजाब को जीत से नहीं रोक सकी. इस मैच में हाशिम अमला और मैक्सवेल ने बेहतरीन बल्लेबाज़ी का नज़ारा पेश किया. अमला ने 38 गेंद पर 58 तो मैक्सवेल ने 22 गेंद पर नाबाद 43 रन की पारी खेली. पंजाब की गेंदबाज़ी की बात करें तो अब तक सभी गेंदबाज़ों ने सही लाइन-लेंथ में गेंदबाज़ी की है. टीम के लिए थोड़ी फिक्र की बात आख़िर के ओवर हो सकते हैं.

    बैंगलोर के ख़िलाफ़ संदीप और मोहित शर्मा डिविलियर्स को रोकने में नाकाम रहे. ऐसे में ईशांत शर्मा को आज़माने की कोशिश टीम के थिंक टैंक कर सकते हैं. दूसरी तरफ़ 2012 और 2014 की चैंपियन टीम कोलकाता नाइटराइडर्स 1 हार 1 जीत के साथ किंग्स XI पंजाब के ख़िलाफ़ मैदान में उतरेगी. टीम के लिए परेशानी की सबसे बड़ी वजह गुजरात के ख़िलाफ़ मैच के हीरो का अनफ़िट होना है.

    गुजरात के ख़िलाफ़ (10 विकेट से कोलकाता की जीत) क्रिस लिन ने 41 गेंद पर नाबाद 93 रन की पारी खेली लेकिन मुंबई इंडियंस (4 विकेट से मुंबई जीता) के साथ मैच में कंधे की चोट ने उनके आगे खेलने पर सवालिया निशान लगा दिया है. वहीं ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ टेस्ट सीरीज़ में 17 विकेट लेने वाले उमेश यादव की वापसी से टीम की गेंदबाज़ी ज़रूर मज़बूत होगी.

    अगर बल्लेबाज़ी की बात करें तो कप्तान गौतम गंभीर के साथ रॉबिन उथप्पा को एक बार फिर ओपनिंग में उतारा जा सकता है. उथप्पा ने 2016 और 2015 आईपीएल सीज़न में ओपनिंग में कमाल किया था. उथप्पा ने दोनों सीज़न 350 रन से ज़्यादा बटोरे थे. बल्लेबाज़ी और गेंदबाज़ी दोनों में गंभीर की सेना संतुलित नज़र आ रही है और पंजाब के ख़िलाफ़ मुक़ाबला रोमांचक होने की उम्मीद फ़ैन्स कर सकते हैं.

    No comments:

    Post a Comment

    Fashion

    Beauty

    Travel