अमेरिकन पासपोर्ट पर भारत आ रहे एक आइएसआइएस के कथित आतंकवादी को नेपाल के काठमांडू एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया है। आतंकी के पास से भारत के कुछ संपर्क क्रमांक और अन्य दस्तावेज जब्त किए गए हैं। पकड़े गए आतंकी से अमेरिकन एजेंसियां पूछताछ कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि भारत आने के पीछे का उसका उद्देश अभी तक पता नहीं लग पाया है।
गौरतलब है कि, सोमवार को ही इराक में आतंकी संगठन आइएसआइएस के प्रभाव वाले इलाके में फंसे ३३ भारतीय देश लौटे हैं। बचाए गए ३३ लोगों में से ३२ तेलंगाना के थे और १ आंध्र प्रदेश का रहने वाला है। ये भारतीय इराक के एरबिल में फंसे थे, जिन्हें भारतीय सरकार की मदद से निकाला गया। इन लोगों ने बताया कि उन्हें एजेंट काम दिलाने का वादा करके इराक ले गया था। वहां जाकर पता लगा कि, ऐसे कई भारतीय यहां फंसे हुए हैं।
बता दें कि एक अमेरिकी अखबार में छपी रिपोर्ट में कहा गया है कि, आईएस भारत में बड़े हमले की तैयारी कर रहा है। रिपोर्ट के बाद केंद्र सरकार और सुरक्षा एजेंसियां चौकन्ना हो गई हैं। इससे पहले भोपाल में हुए एक ट्रेन हादसे में आईएस के तार जुड़े होने के संकेत मिले थे। इसके अलावा आतंकी संगठन ने अपनी वेबसाइट पर ताजमहल के छायाचित्र जारी किए थे, जिससे संकेत मिले थे कि, आइएसआइएस ताजमहल पर आतंकी हमला कर सकता है।
No comments:
Post a Comment