• Breaking News

    Wednesday, 12 April 2017

    दिल्ली की राजौरी गार्डन विधानसभा सीट के उपचुनाव का परिणाम आज

    दिल्ली की राजौरी गार्डन विधानसभा सीट के उपचुनाव का परिणाम आजदिल्ली के राजौरी गार्डन विधानसभा उपचुनाव का परिणाम गुरुवार को आ जाएगा. इस विधानसभा क्षेत्र में बीजेपी, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है. आम आदमी पार्टी के सामने इस सीट को बचाने की चुनौती है. इसके अलावा माना जा रहा है कि यह परिणाम आने वाले दिनों में होने वाले दिल्ली नगर निगम चुनाव में मतदाताओं की मंशा का कुछ हद तक अहसास कराने वाला होगा. इस चुनाव परिणाम पर सभी की निगाहें टिकी हैं.

    राजौरी गार्डन सीट पर बीजेपी के मनजिंदर सिंह सिरसा, कांग्रेस की मीनाक्षी चंदीला और आम आदमी पार्टी के हरजीत सिंह समेत छह प्रत्याशी हैं. इनके भाग्य का फैसला गुरुवार को होगा. सुबह आठ बजे वोटिंग शुरू होगी. दोपहर से पहले परिणाम आने की संभावना है.  

    आप के विधायक जरनैल सिंह के इस्तीफा देने से राजौरी गार्डन विधानसभा सीट खाली हो गई थी. इस सीट पर बीजेपी, कांग्रेस व आम आदमी पार्टी के बीच मुकाबला है. यह सीट जहां आम आदमी पार्टी के लिए प्रतिष्ठा का सवाल है, वहीं यूपी के परिणामों से उत्साहित बीजेपी इस सीट के जरिए अपना विजय रथ आगे बढ़ाने की जद्दोजहद में है. उधर पंजाब में सफलता का परचम लहराने वाली कांग्रेस भी इस पंजाबी-सिख बहुल सीट पर जीत को लेकर आशान्वित है.

    दिल्ली निगम (एमसीडी) चुनाव से पहले इस उपचुनाव का परिणाम काफी अहमियत रखता है. जिस पार्टी को जीत मिलेगी एमसीडी चुनाव में उसका मनोबल स्वाभाविक रूप से बढ़ा रहेगा. इसके अलावा इस परिणाम से दिल्ली के मतदाता के मन को भी टटोला जा सकेगा.

    वोटों की गिनती हरिनगर के सरकारी विद्यालय में सुबह आठ बजे शुरू होगी. इस विधानसभा क्षेत्र में नौ अप्रैल को मतदान हुआ था. इसमें 46.46 फीसदी लोगों ने मताधिकार का प्रयोग किया था. चुनाव में 20 पोलिंग स्टेशन बनाए गए थे जिनमें 166 बूथों पर वोटिंग हुई थी.

    No comments:

    Post a Comment

    Fashion

    Beauty

    Travel