• Breaking News

    Friday, 7 April 2017

    मशहूर गायिका मालिनी अवस्‍थी के IAS पति अवनीश कुमार होंगे CM योगी के प्रधान सचिव!

    1987 बैच के यूपी कैडर के सीनियर आईएएस अधिकारी अवनीश कुमार अवस्‍थी मुख्‍यमंत्री सीएम योगी आदित्‍यनाथ के प्रमुख सचिव होंगे. वह भोजपुरी लोकगीतों की मशहूर गायिका मालिनी अवस्‍थी के पति हैं. मालिनी अवस्‍थी को पिछले साल पद्मश्री से सम्‍मानित किया गया था. अवनीश अवस्‍थी 2013 से लेकर अभी तक केंद्र सरकार के सामाजिक न्‍याय मंत्रालय में बतौर ज्‍वाइंट सेक्रेट्री काम कर रहे थे. गुरुवार शाम वह केंद्रीय सेवा से कार्यमुक्‍त हुए थे. दरअसल अवनीश अवस्‍थी सीएम योगी के क्षेत्र गोरखपुर के डीएम भी रहे हैं. उसी दौरान विकासपरक कामों के मद्देनजर उनकी योगी आदित्‍यनाथ से करीबी बन गई थी. इस लिहाज से उनको सीएम की पसंद माना जाता है.

    सीएम योगी आदित्‍यनाथ ने केंद्र सरकार से अवनीश कुमार को कार्य मुक्‍त करने की गुजारिश की थी. उसके बाद उनको गुरुवार को कार्य मुक्‍त कर दिया गया. उसके बाद मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक शुक्रवार की देर रात उन्‍होंने सीएम योगी आदित्‍यनाथ से मुलाकात की. इसके लिए वह रात तकरीबन साढ़े ग्‍यारह बजे शास्‍त्री भवन(एनेक्‍सी) पहुंचे. उस वक्‍त पंचम तल पर मुख्‍यमंत्री विभागों की कार्य योजना का प्रेजेंटेशन देख रहे थे. उसके बाद जब तकरीबन 12.30 बजे सीएम अपने आवास पांच कालिदास के लिए निकले तो उनके साथ अवनीश अवस्‍थी को भी जाते देखा गया. इसके बाद ही माना जा रहा है कि अब वह सीएम के प्रधान सचिव का दायित्‍व निभाएंगे.

    यूपी कैडर के अधिकारी अवनीश अवस्‍थी केंद्र की प्रतिनियुक्ति पर जाने से पहले यूपी में कई महत्‍वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं. वह गोरखपुर के अलावा मेरठ, वाराणसी, बदायूं, आजमगढ़, फैजाबाद और ललितपुर के डीएम भी रहे हैं.

    No comments:

    Post a Comment

    Fashion

    Beauty

    Travel