ओडिशा के भद्रक शहर में फेसबुक पर हिंदू देवी-देवता पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद सांप्रदायिक हिंसा भड़क गई है. हालात बेकाबू होते देख प्रशासन ने रविवार सुबह तक शहर में कर्फ्यू लगा दिया है. निकट के धामनगर और वासुदेवपुर में प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए गए हैं. राज्य के गृह सचिव और डीजीपी घटनास्थल पर कैंप कर रहे हैं. मुख्यमंत्री नवीन पटनायक और केंद्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने लोगों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील की है.
पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार दास के अनुसार पुलिस ने अब तक 20 लोगों को हिंसा के आरोप में गिरफ्तार किया है. प्रशासन ने कल हालात बिगड़ने पर सीआरपीसी की धारा 144 के तहत कर्फ्यू लगाया था लेकिन, हालात सामान्य न होता देख इसे रविवार तक के लिए बढ़ा दिया गया. एहतियात के तौर पर बुधवार तक स्कूल और कॉलेजों को बंद कर दिया गया है. कानून व्यवस्था की स्थिति बेकाबू होती देख प्रशासन ने हालात नियंत्रित करने के लिए 1,100 पुलिसकर्मी तैनात किए हैं. केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों को भी बुला लिया गया है
पुलिस के मुताबिक एक फेसबुक पोस्ट में राम और सीता के बारे में कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी की गई थी. इसके बाद विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर प्रदर्शन किया. इस दौरान अल्पसंख्यक समुदाय की दुकानों और घरों में आग लगा दी गई. हिंसा और आगजनी के साथ शहर में लूटपाट करने की खबरें सामने आई हैं.
No comments:
Post a Comment